Mojtaba Khamenei Health: ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की हालत नाजुक? इजराइली मीडिया का बड़ा दावा
Mojtaba Khamenei Health: ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की तबीयत को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। इजराइली मीडिया रिपोर्टों में उनकी हालत बेहद गंभीर होने की बात कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुज्तबा खामेनेई अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और ईरान सरकार की ओर से फिलहाल मुज्तबा खामेनेई की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति या अस्पताल में भर्ती होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इजराइली मीडिया ने क्या दावा किया?
इजराइली समाचार आउटलेट चैनल 14 ने ईरान के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से मुज्तबा खामेनेई की स्थिति बेहद गंभीर होने का दावा किया है। रिपोर्ट में ईरानी स्वतंत्र मीडिया प्लेटफॉर्म IranWire का भी हवाला दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, IranWire ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के प्रशासन से जुड़े करीबी सूत्रों के हवाले से मुज्तबा खामेनेई की स्थिति को लेकर गंभीर दावा किया था।
इन रिपोर्टों में उनकी मौत की आशंका तक जताई गई है, लेकिन अभी तक इस संबंध में ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पिता की मौत के बाद सार्वजनिक तौर पर नहीं आए सामने
मुज्तबा खामेनेई ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। खबर के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को हुए अमेरिका-इजराइल सैन्य हमलों में उनके पिता की मौत हुई थी।
इसके बाद से मुज्तबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। सुप्रीम लीडर बनने के बाद उनके नाम से मुख्य रूप से लिखित बयान ही सामने आते रहे हैं।
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि सैन्य हमलों के दौरान मुज्तबा खामेनेई भी घायल हुए थे। उनकी सुरक्षा को लेकर उन्हें सार्वजनिक गतिविधियों से दूर और सुरक्षित स्थान पर रखे जाने की भी बात कही जाती रही है।
ट्रंप भी कर चुके हैं मुज्तबा को लेकर दावा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जुलाई में फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू के दौरान ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को लेकर दावा किया था। उन्होंने सैन्य अभियान के बाद मुज्तबा खामेनेई की स्थिति को लेकर भी गंभीर टिप्पणी की थी और कहा था कि वह काम करने की स्थिति में नहीं हैं।
हालांकि, मुज्तबा खामेनेई की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर ईरानी अधिकारियों की ओर से पहले उनकी चोटों के गंभीर होने की खबरों का खंडन किया जा चुका है। ईरानी पक्ष का कहना रहा है कि मुज्तबा देश के रणनीतिक और प्रशासनिक फैसलों का नेतृत्व कर रहे हैं।
ईरान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
मुज्तबा खामेनेई की गंभीर हालत और अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े ताजा दावे फिलहाल इजराइली मीडिया और सूत्रों पर आधारित हैं। ईरान सरकार की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ऐसे में उनकी स्वास्थ्य स्थिति या मौत को लेकर सामने आई किसी भी जानकारी को आधिकारिक पुष्टि होने तक दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।