Ahmedabad Crime: खाना खाने के बाद छत पर टहल रही छात्रा से रेप, 4 दिन पहले गार्ड ने ज्वॉइन की थी नौकरी

अहमदाबाद में छात्रा से रेप के आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Ahmedabad Rape Case: छात्रा से रेप का आरोप, 4 दिन पहले नौकरी पर आया था सिक्योरिटी गार्ड

Ahmedabad Crime: खाना खाने के बाद छत पर टहल रही छात्रा से रेप, 4 दिन पहले गार्ड ने ज्वॉइन की थी नौकरी

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में 23 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनिंग छात्रा से कथित रेप का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात को उसी हाउसिंग सोसाइटी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी धर्म सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना से महज चार दिन पहले ही सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी शुरू की थी। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार किया।

छत पर टहल रही थी छात्रा

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम की है। पीड़िता अहमदाबाद के आनंदनगर इलाके में स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी के अपार्टमेंट में दो-तीन अन्य लड़कियों के साथ रहती है।

बताया गया कि रात में खाना खाने के बाद छात्रा सोसाइटी की छत पर टहलने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गार्ड ने उस पर हमला किया और उसके गले में तार डालकर उसका गला दबा दिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद छात्रा बेहोश हो गई और आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ रेप किया।

होश में आने के बाद छात्रा ने मांगी मदद

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी छत का दरवाजा बंद करके वहां से फरार हो गया। कुछ समय बाद जब छात्रा को होश आया तो उसने मदद के लिए आवाज लगाई।

पीड़िता की आवाज सुनकर बिल्डिंग में मौजूद लोगों ने छत का दरवाजा खोला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस थानों की करीब 10 टीमें गठित की गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया और उसे थलतेज में हेबतपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

चार दिन पहले ही शुरू की थी नौकरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी धर्म सिंह ने घटना से करीब चार दिन पहले ही संबंधित हाउसिंग सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम शुरू किया था। इससे पहले वह शहर के किसी अन्य अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में काम कर चुका था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को नौकरी पर रखने वाली सुरक्षा एजेंसी ने उसका बैकग्राउंड वेरिफिकेशन नहीं कराया था। इसके अलावा एजेंसी की ओर से उसे जरूरी प्रशिक्षण नहीं दिए जाने और उसकी बुनियादी जानकारी दर्ज नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस अब सुरक्षा एजेंसी की भूमिका की भी जांच कर रही है। लापरवाही सामने आने पर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *