Prayagraj News: उमर अहमद के काफिले के 28 वाहनों पर FIR, टोल बैरियर तोड़ने का आरोप
Prayagraj: उमर अहमद के काफिले में शामिल 28 वाहनों पर टोल बैरियर तोड़ने का आरोप, FIR दर्ज
प्रयागराज: पैरोल पर प्रयागराज लाए गए माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के काफिले को लेकर विवाद सामने आया है। नवाबगंज टोल प्लाजा पर कथित तौर पर बिना टोल शुल्क दिए बैरियर तोड़कर निकलने के मामले में 28 नामजद और कुछ अज्ञात वाहनों के चालकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव की शिकायत पर नवाबगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वाहनों को रोकने की कोशिश करने पर टोल कर्मचारियों के साथ गालीगलौज और अभद्रता की गई। कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने और वाहन चढ़ाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस स्कॉर्ट के पीछे पहुंचे थे करीब 28 वाहन
एफआईआर के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3:45 बजे उमर अहमद को पुलिस स्कॉर्ट के साथ लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था। जब पुलिस के वाहन नवाबगंज टोल प्लाजा से गुजर गए, उसके बाद पीछे से करीब 28 वाहन एक साथ टोल बूथ पर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, इन वाहनों के चालकों ने कथित तौर पर टोल शुल्क नहीं दिया और तेज रफ्तार में बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गए।
टोल कर्मचारियों से अभद्रता और धमकी का आरोप
टोल कर्मचारियों ने जब वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो कथित तौर पर उनके साथ गालीगलौज की गई। शिकायत में कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
एफआईआर के अनुसार, इसके बाद वाहन चालकों ने तेज रफ्तार से गाड़ियां आगे बढ़ाईं। आरोप है कि कुछ कर्मचारियों को वाहन से कुचलने का प्रयास भी किया गया। कर्मचारियों ने किसी तरह किनारे हटकर अपनी जान बचाई।
कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होने का दावा
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान एक और चुनौती सामने आई है। एफआईआर में बताया गया है कि काफिले में शामिल कुछ वाहनों के नंबर अधूरे थे, जबकि कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
ऐसे में पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए वाहनों की पहचान करने में जुटी है। फुटेज से वाहनों के मॉडल, रंग और दूसरी पहचान संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।
CCTV से चालकों की पहचान में जुटी पुलिस
नवाबगंज थाना प्रभारी पंकज अवस्थी के मुताबिक, वाहनों के उपलब्ध नंबरों के आधार पर उनके चालकों की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है। जिन वाहनों के नंबर स्पष्ट नहीं हैं या जिन पर नंबर प्लेट नहीं थी, उनकी पहचान के लिए CCTV फुटेज की मदद ली जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टोल प्लाजा पर हुई घटना से जुड़े तथ्यों एवं वाहनों की पहचान की जा रही है।