Ramayana Movie: ऑस्कर नहीं मिला तो निराश होंगे CM फडणवीस, बोले- पूरे मिलेनियम की फिल्म
Ramayana Movie: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की भव्यता और तकनीक को लेकर अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर ‘रामायण’ को ऑस्कर नहीं मिलता है तो उन्हें अकादमी की ज्यूरी से निराशा होगी।
‘रामायण’ को ऑस्कर नहीं मिला तो निराशा होगी: फडणवीस

देवेंद्र फडणवीस ने यह बात फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियो के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने फिल्म की भव्यता का जिक्र करते हुए कहा कि ‘रामायण’ सिर्फ एक दशक की फिल्म नहीं, बल्कि पूरे मिलेनियम की फिल्म है।
फडणवीस ने फिल्म से जुड़े मेकर्स को बधाई देते हुए कहा कि दर्शकों को अब इस बड़े प्रोजेक्ट की रिलीज का इंतजार है। उन्होंने फिल्म के निर्माण में शामिल पूरी टीम के प्रयासों की भी सराहना की।
रणबीर कपूर निभा रहे भगवान राम का किरदार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं, जबकि यश को रावण की भूमिका में देखा जाएगा।
फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, 1987 के चर्चित टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस बार राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे।
30 जुलाई को रिलीज हुआ था ट्रेलर
‘रामायण’ के पहले पार्ट का ट्रेलर 30 जुलाई को रिलीज किया गया था। ट्रेलर को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया।
ट्रेलर सामने आने के बाद रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक और यश के रावण किरदार की काफी चर्चा हुई। साई पल्लवी का सीता के रूप में लुक भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
AR Rahman और Hans Zimmer का म्यूजिक
फिल्म के संगीत को लेकर भी काफी उत्सुकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर कंपोजर हैंस जिमर इस प्रोजेक्ट के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर पर काम कर रहे हैं।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के तहत किया जा रहा है। इसके VFX पर भी बड़े स्तर पर काम किया गया है।
4000 करोड़ रुपये के बजट की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स में ‘रामायण’ के दोनों हिस्सों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। अगर यह आंकड़ा सही है तो यह भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े बजट वाले प्रोजेक्ट्स में शामिल होगी।
फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में आने की तैयारी में है, जबकि दूसरे भाग को दिवाली 2027 में रिलीज किए जाने की बात कही गई है।