1
1
झांसी: पूर्व सांसद अतीक़ अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई। झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी हाईवे पर खिल्ली गांव के पास गुरुवार सुबह यह दुर्घटना हुई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि दुर्घटना में आबान अहमद और रज़्ज़ाक़ अहमद के बेटे सोनू की मौत हुई है। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी प्रयागराज से झांसी जेल में अली अहमद से मुलाकात करने के लिए निकले थे। इसी दौरान पूंछ क्षेत्र के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीनों लोगों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
झांसी मेडिकल कॉलेज के चीफ़ मेडिकल सुप्रिंटेंडेंट डॉ. सचिन महोर के मुताबिक, पूंछ के आसपास एक कार डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे के बाद घायल तीन युवकों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
घायलों की पहचान उमर, एज़ाम और ज़ाएद के रूप में हुई है। डॉक्टर के अनुसार, उमर और एज़ाम के हाथ में फ्रैक्चर है। वहीं ज़ाएद के माथे और पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
तीनों का शुरुआती उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया है। डॉक्टरों की निगरानी में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं उन्हें किसी तरह की अंदरूनी चोट तो नहीं आई है।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले आबान अहमद और सोनू के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।